Shubman Gill

GT vs MI : मुंबई को 62 रनो से हरा कर फाइनल में पहुंची गुजरात टाइटंस – आई पी एल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम क्वालीफायर वन में गुजरात टाइटंस को हराते हुए फाइनल में पहुंच चुकी थी। वही क्वालीफायर 2 गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच हुआ। जिसमें गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 62 रनों से हराकर लगातार दूसरे सीजन में फाइनल में अपनी जगह बना ली है।

गौरतलब है कि मुंबई इंडियंस बनाम गुजरात टाइटंस का यह मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद में खेला गया। जहां पर मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वही पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने अपना पहला विकेट रिद्धिमान साहा के रूप में खोया। बता दे की ऋद्धिमान साहा 16 गेंद पर 18 रन बनाकर चलते बने। हालांकि मैच में गुजरात टाइटंस के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल ने बेहतरीन अंदाज में प्रदर्शन करते हुए, इस सीजन का तीसरा शतक जड़ दिया।

इस दौरान मैच में शुभमन गिल ने मात्र 60 गेंदों में 215 के स्ट्राइक रेट से 129 रन बना डाले। शुभमन गिल के बल्ले से 7 चौके और 10 छक्के भी देखने को मिले। वही मैच में साई सुदर्शन ने भी 31 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेली। हालांकि फिर वह रिटायर्ड हर्ट हो गए। इसके अलावा कप्तान हार्दिक पांड्या ने 13 गेंद पर नाबाद 28 तथा राशिद खान ने 2 गेंद पर नाबाद 5 रन बनाए। शुभमन गिल के शतक की बदौलत गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 233 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया।

बता दें कि शुभमन गिल इस सीजन में तीन शतक लगा चुके हैं। वहीं गिल प्लेऑफ में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। वहीं मैच में मुंबई इंडियंस की ओर से गेंदबाजी करते हुए आकाश मधवाल और पीयूष चावला को एक-एक सफलता मिली।

234 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने अपना पहला विकेट पारी के पहले ओवर की पांचवी गेंद पर ही खो दिया। बता दें कि नेहाल वडेरा 3 गेंद पर मात्र 4 रन बनाते हुए मोहम्मद शमी का शिकार हो गए तो वहीं कप्तान रोहित शर्मा भी 7 गेंद पर 8 रन बनाते हुए चलते बने। वही मैच में तिलक वर्मा और कैमरून ग्रीन ने पारी को संभाला। हालांकि फिर तिलक वर्मा भी 14 गेंद पर 5 चौके और 3 छक्के लगाते हुए 40 रन बनाकर राशिद खान के हाथों बोल्ड हो गए। वही इसके बाद कैमरन ग्रीन 20 गेंद पर 30 रन बनाते हुए चलते बने। मुंबई इंडियंस की टीम संघर्षपूर्ण स्थिति में आ चुकी थी। हालांकि क्रिज पर सूर्यकुमार यादव ने कुछ अच्छे शॉट्स खेले। इस दौरान उन्होंने 38 गेंद पर 61 रन बनाए। मैच में सूर्यकुमार यादव ने 7 चौके और 2 छक्के भी लगाए। फिर वह मोहित शर्मा के हाथों बोल्ड हो गए।

सूर्यकुमार यादव के आउट होने के पश्चात टीम और ज्यादा दबाव में आ गई। जिसके बाद विष्णु विनोद 7 गेंद पर 5 रन तथा क्रिस जॉर्डन 5 गेंद पर 2 रन बनाकर मोहित शर्मा का शिकार हो गए। वहीं मैच में टीम डेविड भी 3 गेंद पर 2 रन बनाकर चलते बने। वहीं आखिर में पीयूष चावला 2 गेंद पर बिना अपना खाता खोले तथा कुमार कार्तिकेय 7 गेंद पर 6 रन बनाकर मोहित शर्मा की गेंद पर मिलर को अपना कैच थमा बैठे। बता दें कि मुंबई इंडियंस की टीम 18.2 ओवर में ही 171 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मैच में गुजरात टाइटंस की ओर से मोहित शर्मा ने 10 रन देकर 5 विकेट चटकाए तो वही मोहम्मद शमी और राशिद खान ने भी दो-दो सफलता मिली। इसके अलावा जोशुआ लिटिल के नाम भी एक विकेट रहा। इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है। बता दे कि चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 28 मई को खेला जाएगा।

Shambhavi Kumari
शांभवी कुमारी न्यूज़ हिंदी 360 के लिए एक अनुभवी समाचार लेखिका हैं। उन्हें तकनीक, खेल और स्वास्थ्य समाचार में 3 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इसके अलावा, उसे नई चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना पसंद है। शांभवी से ईमेल shambhavi@oispice.com के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है