कल 15 मार्च से बंद होगा Paytm Payment Bank, जानिए क्या होगा बदलाव – रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया आरबीआई ने नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए 31 जनवरी को पेटीएम पेमेंट बैंक पर बैन लगा दिया था। जिसके बाद आरबीआई ने पेटीएम पेमेंट बैंक को 15 मार्च तक की समय अवधि दी थी। वहीं अब कल 15 मार्च से पेटीएम पेमेंट बैंक में डिपॉजिट और क्रेडिट ट्रांजैक्शन करने जैसी सर्विस को बंद कर दिया जाएगा। वही मुंबई स्टॉक एक्सचेंज ने स्टॉक ट्रेडिंग के लिए बैंक का उपयोग करने वाले निवेशकों के लिए दिशा निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
पेटीएम पेमेंट बैंक हो रहा है बंद
आरबीआई ने बैंक के अंदर गैर अनुपालन मुद्दों और चिंताओं के चलते पेटीएम पेमेंट बैंक को बंद करने का ऐलान किया था। रिपोर्ट के अनुसार बैंक में हजारों अकाउंट बिना उचित पहचान के खोले गए। जिससे कि अवैध गतिविधियों और मनी लॉन्ड्रिंग जैसी गतिविधियों की आशंका हो रही थी। जिसके बाद रेवेन्यू सेक्रेटरी संजय मल्होत्रा ने बताया कि ईडी पेटीएम पेमेंट की जांच करेगा और फिर पेमेंट बैंक को 15 मार्च को स्थाई तौर पर बंद कर दिया जाएगा। साथ ही रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि एक पहचान पत्र से पेटीएम पेमेंट बैंक पर कई अकाउंट बने हुए हैं जिनमें लाखों रुपए के ट्रांजैक्शन है।
15 मार्च को बंद हो जाएगी सारी सुविधा
15 मार्च के बाद ग्राहक अपने पेटीएम पेमेंट बैंक अकाउंट में पैसा जमा नहीं कर पाएंगे। हालांकि वह अपने पैसे को ट्रांसफर या निकल सकते हैं। पेटीएम पेमेंट बैंक अकाउंट में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर, सब्सिडी या फिर सैलरी क्रेडिट नहीं होगी। हालांकि रिफंड कैशबैक, और स्वीप इन जैसी सुविधा अभी भी सुचारू रूप से चालू रहेगी। 15 मार्च के बाद ग्राहकों को अपने वॉलेट में टॉप अप, पैसे ट्रांसफर करने जैसी सुविधा नहीं मिलेगी। परंतु यदि उनके वॉलेट में बैलेंस है तो वह अपना पेमेंट कर सकते हैं। बैंक द्वारा जारी किए गए अपने फास्ट्रेक को पेटीएम पेमेंट बैंक द्वारा रिचार्ज नहीं कर पाएंगे। इसके अलावा 15 मार्च के बाद ग्राहक UPI , IMPS के जरिए पेटीएम पेमेंट अकाउंट में पैसे ट्रांसफर नहीं कर पाएंगे। इसके अतिरिक्त पेटीएम पेमेंट बैंक द्वारा जारी NCMC कार्ड में फंड का रिचार्ज टॉप अप भी उपलब्ध नहीं हो पाएगा।






