SRH vs MI: हाई स्कोरिंग मुकाबले में 31 रनों से जीता हैदराबाद, बने कई रिकॉर्ड – आज राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद बनाम मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 277 रन बना दिए। बता दे कि यह आईपीएल के इतिहास का सर्वाधिक स्कोर रहा। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 246 रन ही बना पाई। हालांकि मुंबई इंडियंस की ओर से यह स्कोर भी उनका हाईएस्ट स्कोर रहा। मैच में दोनों टीमों को मिलाकर कुल 38 छक्के लगे जो की एक रिकॉर्ड है।
दरअसल मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वहीं पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से मयंक अग्रवाल और ट्रेविस हेड के बीच 45 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि फिर मयंक अग्रवाल 13 गेंद पर 11 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं मैच में हेड ने 18 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर दिया तथा 24 गेंद में 62 रन बनाकर आउट हुए। वहीं इसके बाद अभिषेक शर्मा बल्लेबाजी करने के लिए आए। जिन्होंने मात्र 16 गेंद में अर्धशतक लगा दिया। जो की सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से सबसे तेज अर्धशतक था। वही मैच में अभिषेक शर्मा ने 23 गेंद में 63 रन बनाए। इसके अलावा मैच में क्लासेन ने 23 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया तथा उन्होंने 34 गेंद में 80 रन ना बाद बनाए। वहीं मार्करम ने भी मैच में 28 गेंद पर 42 रन नाबाद बनाएं।
इस प्रकार सनराइजर्स हैदराबाद ने तीन विकेट खोकर 20 ओवर में 277 रन बना डाले जो कि आईपीएल का सर्वाधिक स्कोर है। इस दौरान सनराइजर्स हैदराबाद ने 11 साल पुराना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। दरअसल साल 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पुणे वारियर्स के खिलाफ 5 विकेट होकर 263 रन बनाए थे जो कि आईपीएल के इतिहास में एक पारी में सर्वाधिक स्कोर था। वहीं अब हैदराबाद में मुंबई के खिलाफ 277 रन बनाते हुए वह रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
मैच में जीत के लिए मुंबई इंडियंस को 278 रनों का लक्ष्य मिला। इस दौरान इशान किशन 13 गेंद पर 34 तथा रोहित शर्मा 12 गेंद पर 26 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि मैच में तिलक वर्मा ने 34 गेंद पर दो चौके और 6 छक्के लगाते हुए 64 रन बनाए। हालांकि फिर वह भी कप्तान पेट कमिंस की गेंद पर मयंक अग्रवाल को कैच दे बैठे। वहीं मैच में कप्तान हार्दिक पंड्या 20 गेंद पर 24 रन बनाकर आउट हो गए। इसके अतिरिक्त मैच में टिम डेविड ने 22 गेंद पर नाबाद 42 तथा रोमारियो शेफर्ड ने 6 गेंद पर नाबाद 15 रनों की पारी खेली। मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 246 रन ही बना पाई और 31 रनों से यह मुकाबला हार गई।
सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से गेंदबाजी करते हुए जयदेव उनादकट और कप्तान पेट कमिंस ने दो-दो विकेट लिए तो वहीं शाहबाज अहमद के नाम भी एक विकेट रहा। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से बेहतरीन बल्लेबाजी करने के बाद अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।







