Ind vs Aus: भारत ने पारी और 132 रनों से जीता पहला टेस्ट मैच, अश्विन ने लिए 5 विकेट! – भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया। जहां पर भारत ने पारी और 132 रनों से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया है। इस मैच में जीत के साथ भारतीय टीम ने टेस्ट सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। बता दें कि भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 177 रन बनाए थे, वही भारतीय टीम ने 400 रनों का स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया अपनी दूसरी पारी में 91 रनों पर ही ढेर हो गई तथा भारत ने पारी और 132 रनों से यह मैच अपने नाम कर लिया।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक रविंद्र जडेजा 66 और अक्षर पटेल 52 रनों के साथ खेल रहे थे। वही मैच के तीसरे दिन यानि आज रविंद्र जडेजा टॉड मर्फी की गेंद पर आउट हो गए। मैच में जडेजा ने 185 गेंदों पर 9 चौके लगाते हुए 70 रन बनाए। जिसके बाद अक्षर पटेल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 174 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्का लगाते हुए 84 रनो की पारी खेली। वही निचले क्रम में बल्लेबाजी करने आए मोहम्मद शमी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। मैच में मोहम्मद शमी ने 47 गेंदों पर 3 छक्के और 2 चौके लगाते हुए 37 रन बना डाले। वहीं मोहम्मद सिराज ने 19 गेंदों पर नाबाद 1 रन बनाया बता दे कि भारतीय टीम ने अपनी पारी में 10 विकेट के नुकसान पर 139.3 ओवर में 400 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से टॉड मर्फी ने सबसे ज्यादा 7 विकेट अपने नाम किए। मैच में 47 ओवर गेंदबाजी करते हुए टॉड मर्फी ने 124 रन दिए। वहीं कप्तान पैटकमिंस ने 20.3 ओवर में 78 रन देकर 2 सफलता प्राप्त की। इसके अलावा नाथन लियोन ने 49 ओवर में गेंदबाजी करते हुए 126 रन दिए तथा 1 विकेट लिया।
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी कुछ खास नहीं रही। 400 रनों का लक्ष्य मिलने के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम शुरुआत से ही संघर्ष करते हुए दिखाई दी। सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा केवल 9 गेंदों पर 5 रन बनाकर ही अश्विन की गेंद पर विराट कोहली को अपना कैच थमा बैठे, तो वही डेविड वॉर्नर भी 41 गेंदों पर दो चौके लगाते हुए 10 रन ही बना पाए और अश्विन की गेंद पर एलबीडबल्यू आउट हो गए। ओपनर जोड़ी फेल होने के बाद मार्नस लाबुशेन ने 28 गेंदों पर 3 चौके लगाते हुए 17 रन बनाए। हालांकि वह भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए और रविंद्र जडेजा की गेंद पर आउट हो गए। मैच में स्टीव स्मिथ ने अपनी पकड़ बनाए रखी और 51 गेंदों पर दो चौके एक छक्का लगाते हुए नाबाद 25 रन बनाते हुए क्रीज़ पर बने रहे परन्तु उन्हें कोई साथी बल्लेबाज नहीं मिला। बता दे कि रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया के मिडिल आर्डर को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान रविचंद्रन अश्विन ने रेन शॉ को 2 रन, हैंड्सकॉम्ब को 6 रन तथा एलेक्स कैरी को 10 पर एलबीडबल्यू कर दिया।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम उबर नहीं पाई और कप्तान पैट कमिंस 13 गेंदों में 1 रन ही बना पाए और श्रीकर भरत को अपना कैच थमा बैठे। मैच में 7 विकेट लेने वाले टॉड मर्फी भी बल्लेबाजी करते हुए केवल 2 रन ही बना पाए और अक्षर पटेल की गेंद पर रोहित शर्मा को अपना कैच थमा बैठे। इसके अतिरिक्त नाथन लियोन 20 गेंदों पर 8 रन तथा बोलैंड 3 गेंद पर बिना अपना खाता खोले मोहम्मद शमी का शिकार हो गए।
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में रविचंद्रन अश्विन ने सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की। इस दौरान अश्विन ने 12 ओवर गेंदबाजी करते हुए पांच अहम विकेट चटकाए तथा केवल 37 रन ही विरोधी टीम को दिए। वही रविंद्र जडेजा और मोहम्मद शमी के नाम भी दो-दो सफलता लगी। इसके अलावा अक्षर पटेल ने भी 3 ओवर गेंदबाजी करते हुए 6 रन दिए और 1 विकेट अपने नाम किया। मैच में शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी करने के लिए रविंद्र जडेजा को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड मिला। जानकारी के लिए बता दें कि भारतीय टीम ने पारी और 132 रनों से पहला मुकाबला अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम इस सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है। इस सीरीज का दूसरा टेस्ट मुकाबला 17 फरवरी से दिल्ली में खेला जाएगा।







