Ind vs Aus 2nd day: ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 469 रन, भारत का स्कोर 151/5 – भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंग्लैंड के द ओवल मैदान पर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। बता दें कि इस दौरान ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 469 रन बना लिए हैं तो वही जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 5 विकेट खोकर 151 रन बना लिए हैं।
दरअसल पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने 3 विकेट खोकर 327 रन बनाए थे तो वही दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की टीम 469 रन बनाते हुए 121.3 ओवर में ऑल आउट हो गई। बता दें कि इस दौरान ट्रेविस हेड ने सबसे ज्यादा 163 रनों की पारी खेली तो वही स्टीव स्मिथ ने भी 268 गेंदों में 121 रन जड़ दिए। वहीं इसके अलावा मैच में एलेक्स केरी ने 48 तथा डेविड वार्नर ने 43 रनों की पारी खेली थी। भारतीय टीम की ओर से मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए तो वही शार्दूल ठाकुर और मोहम्मद शमी के नाम दो-दो सफलता रही तथा एक विकेट जडेजा को मिला।
दूसरे दिन भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में बेहद ही निराशाजनक प्रदर्शन किया। ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा और शुभमन गिल सस्ते में अपना विकेट देते चले। इस दौरान कप्तान रोहित शर्मा 26 गेंद पर 15 रन बनाते हुए बोल्ड हो गए तो वही गिल भी 15 गेंद पर 13 रन बनाते हुए चलते बने। इसके अलावा मैच में चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं मैच में अजिंक्य रहाणे और रविंद्र जडेजा के बीच 71 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि फिर रविंद्र जडेजा भी 51 गेंद पर 7 चौके और एक छक्का लगाते हुए 48 रनों की पारी हीं खेल पाए।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अजिंक्य रहाणे 71 गेंदों पर 29 रन तथा श्रीकर भरत 14 गेंद पर 5 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद है। भारतीय टीम को फॉलोऑन बचाने के लिए 269 रन चाहिए वही अब भारतीय टीम को फॉलो ऑन बचाने के लिए 118 रनों की दरकार है। वही भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से अभी 318 रन पीछे है।







