Ind vs Aus: कल से शुरू होगा तीसरा टेस्ट मुकाबला, भारत के पास सीरीज जीतने के साथ WTC के फाइनल में पहुंचने का मौका – भारतीय टीम इस समय अपने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के साथ चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। जिसके शुरुआती दोनों मुकाबले भारतीय टीम ने जीत लिए हैं। बता दें कि भारतीय टीम इस सीरीज में 2-0 से आगे चल रही है। वहीं इस सीरीज का तीसरा मुकाबला कल यानी 1 मार्च से इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। बता दें कि यह मुकाबला भारतीय समय अनुसार सुबह 9:30 बजे से खेला जाएगा तथा इस से आधे घंटे पूर्व यानी 9:00 बजे दोनों टीमों के बीच टॉस होगा।
जानकारी के लिए बता दें कि दोनों ही टीमों के लिए तीसरा टेस्ट मुकाबला बेहद ही महत्वपूर्ण होने वाला है। इस मुकाबले को जीतकर भारतीय टीम इस टेस्ट सीरीज में जीत दर्ज करते हुए जून में होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी जगह बनाने का प्रयास करेगी तो वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम लगातार दो मुकाबले हारने के बाद सीरीज में वापसी करने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगी। यदि भारतीय टीम इस मैच में जीतती है तो वह घरेलू मैदान पर लगातार 16वी सीरीज जीत लेगी।
हालांकि भारतीय टीम के पास अभी सबसे बड़ा सवाल यह है कि कप्तान रोहित शर्मा के साथ सलामी बल्लेबाज के रूप में शुभमन गिल और केएल राहुल में से किसे भेजा जाए? क्योंकि केएल राहुल अब टीम के उप कप्तान नहीं है। हालांकि सिलेक्टर्स को उन पर काफी ज्यादा विश्वास है। वहीं दूसरी ओर शुभमन गिल भी इन दिनों शानदार लय में चल रहे हैं। हाल ही में वनडे मुकाबले में शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दोहरा शतक भी लगाया था। वही टी20 क्रिकेट में भी वह अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। ऐसे में सिलेक्टर्स और कप्तान रोहित शर्मा के लिए यह बड़ी दुविधा है कि वह दोनों खिलाड़ियों में से किसे तीसरे टेस्ट मुकाबले के लिए चुनेंगे।
दोनों देशों की टीमें
भारत:
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, श्रेयस अय्यर, विराट कोहली, केएस भरत, ईशान किशन, अक्षर पटेल, सूर्यकुमार यादव, जयदेव उनादकट, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव
ऑस्ट्रेलिया:
स्टीव स्मिथ (कप्तान), एलेक्स कैरी, कैमरून ग्रीन, स्कॉट बोलैंड, पीटर हैंड्सकॉम्ब, मार्नुस लाबुशेन, नाथन लियोन, ट्रैविस हेड, लांस मॉरिस, टॉड मरफी, उस्मान ख्वाजा, मैट कुहनेमैन, मिचेल स्टार्क, मिशेल स्वेपसन, मैथ्यू रेनशॉ
