Australia

IND vs AUS Final: भारत को 6 विकेट से हराकर वर्ल्ड चैंपियन बनी ऑस्ट्रेलिया – वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मुकाबला भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 नवंबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद में खेला गया। जहां पर ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पेट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वहीं भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 विकेट खोकर 240 रन बनाएं। वहीं जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने मात्र चार विकेट खोकर ट्रेविस हेड की शतकीय पारी की बदौलत 43 ओवर में ही यह मैच अपने नाम कर लिया और छठी बार विश्व विजेता बन गई।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। इस दौरान उन्होंने 31 गेंद पर चार चौके और तीन छक्के लगाते हुए 47 रनों की पारी खेली। हालांकि भारतीय टीम ने अपना पहला विकेट शुभमन गिल के रूप में 30 रनों के स्कोर पर ही खो दिया था। परंतु फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली ने बेहतरीन पारी खेली। हालांकि रोहित शर्मा के आउट होने के पश्चात अगले ही ओवर मै श्रेयस अय्यर भी चार रन बनाकर कप्तान पेट कमिंस के हाथों आउट हो गए। वही मैच में विराट कोहली ने 63 गेंद पर 4 चौके लगाते हुए 56 रनों की पारी खेली तथा केएल राहुल ने 107 गेंद में 66 रन बनाए। केएल राहुल के आउट होने के पश्चात भारतीय टीम बिखरती चली गई और फिर कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।

इस दौरान रविंद्र जडेजा 22 गेंद पर 9 रन, सूर्यकुमार यादव 28 गेंद पर 18 रन, मोहम्मद शमी 10 गेंद पर 6 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं आखिरी गेंद पर कुलदीप यादव रन आउट हो गए। इसके बाद भारतीय टीम का स्कोर 50 ओवर में 10 विकेट खोकर 240 रन रहा। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क को तीन सफलता मिली तो वही जोश हेजलवुड और कप्तान पेट कमिंस के नाम दो दो सफलता रही। इसके अतिरिक्त मैक्सवेल और एडम जांपा ने एक-एक विकेट चटकाए।

ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए 241 रनों का लक्ष्य ज्यादा बड़ा नहीं था। हालांकि भारतीय टीम की ओर से मोहम्मद शमी ने अपने पहले ही ओवर में डेविड वार्नर के रूप में भारत को पहली सफलता दिलाई तो वही जसप्रीत बुमराह ने भी मिचेल मार्श को 15 रनों के निजी स्कोर पर चलता कर दिया। उसके बाद मैच में जसप्रीत बुमराह ने स्मिथ को 4 रनों के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट करते हुए पवेलियन भेज दिया। हालांकि मैच में एक छोर पर ट्रेविस हेड जमे हुए थे जिन्होंने मार्नस लाबूशेन के साथ मिलकर बेहतरीन साझेदारी की। इस दौरान ट्रेविस हेड ने 120 गेंद पर 15 चौके और चार छक्के लगाते हुए 137 रनों की पारी खेली। मार्नस लाबूशेन ने भी 110 गेंद पर नाबाद 58 रन बनाए।

ट्रेविस हेड की पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया टीम ने 43 ओवर में चार विकेट होकर 241 का लक्ष्य प्राप्त कर लिया और टीम वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मुकाबला जीत गई। बता दे कि भारतीय टीम की ओर से जसप्रीत बुमराह को दो विकेट मिले तथा मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज के नाम एक एक सफलता रही। इस मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद ट्रेविस हेड को मैन ऑफ द मैच चुना गया तथा मैन ऑफ द सीरीज का अवार्ड विराट कोहली को मिला।

Shanya Kumari
शनाया कुमारी को समाचार लेखन, विशेषकर खेलों में 4 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उसका शौक किताबें पढ़ना और गेम खेलना है, आप shanya@oispice.com पर शनाया से संपर्क कर सकते हैं।