भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच चल रही वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला भारतीय टीम ने 8 विकेट से जीतकर इस सीरीज में 2-0 से अजय बढ़त बना ली है। बता दें कि यह मुकाबला रायपुर में आयोजित किया गया था जिसमें भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। वही रोहित शर्मा का यह निर्णय बिल्कुल सही साबित हुआ। मैच में न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए केवल 108 रन ही बना पाई तथा भारतीय टीम ने 2 विकेट खोकर मैच में जीत दर्ज कर ली।
न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही बेहद संघर्ष करती हुई दिखाई दी और 34.3 ओवर में मात्र 108 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस दौरान न्यूजीलैंड की ओर से 8 खिलाड़ी दहाई का अंक भी नहीं छू पाए। वहीं न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा ग्लेन फिलिप्स ने 52 गेंदों पर 36 रनों की पारी खेली तो वहीं कप्तान टॉम लैथम केवल 1 रन बनाकर शुभमन गिल के हाथों कैच आउट हो गए। भारतीय टीम की ओर से मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। बता दें कि मैच में मोहम्मद शमी ने 6 ओवर गेंदबाजी करते हुए 18 रन टीम विरोधी टीम को दिए तथा एक मैडन ओवर भी फेका। वही वॉशिंगटन सुंदर और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव के हाथ भी एक-एक सफलता लगी।
109 रनो के छोटे लक्ष्य को हासिल करने उतरी भारतीय टीम ने बेहतरीन शुरुआत की। इस दौरान मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने 50 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली, बता दे कि रोहित शर्मा ने 7 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के भी लगाए। वही रोहित शर्मा के अलावा विराट कोहली ने 9 गेंदों पर 11 रन बनाए तो वही पिछले मैच में दोहरा शतक लगाने वाले शुभमन गिल ने दूसरे वनडे मुकाबले में 53 गेंदों में नाबाद 40 रनों की पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई, वही इशान किशन ने भी नाबाद 8 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से हेनरी शिप्ले और मिचेल सेंटनर ने एक-एक विकेट लिया।
बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम 2-0 से आगे चल रही है। इस सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 24 जनवरी को खेला जाना है जो कि भारतीय समय अनुसार दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा।







