Ind vs Aus: अहमदाबाद टेस्ट मुकाबला हुआ ड्रा, भारतीय टीम ने 2-1 से जीती सीरीज – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया का चौथा टेस्ट मुकाबला अहमदाबाद में खेला गया। जहां पर ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। वहीं पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 480 रनों का स्कोर बनाया था। इस दौरान उस्मान ख्वाजा ने 180 तथा कैमरून ग्रीन ने 114 रनों की पारी खेली थी।
वही जवाब में भारतीय टीम ने विराट कोहली के 186 तथा शुभमन गिल के 128 रनों की बदौलत पहली पारी में 571 रन बनाए। जिसके बाद भारतीय टीम ने 91 रनों से बढ़त बना ली थी। वही मैच के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी का आगाज करते हुए 6 ओवर में बिना किसी नुकसान के 3 रन बना लिए थे। वही मैच के पांचवे दिन ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। इस दौरान ट्रेविस हेड ने सबसे ज्यादा 90 रनों की पारी खेली। अपनी पारी में ट्रेविस हेड ने 163 गेंदों पर 10 चौके और 2 छक्के भी लगाए। वही इसके अलावा मार्नस लाबूशेन ने 213 गेंदों पर 7 चौके लगाते हुए 63 रनों की पारी खेली और अंत तक नाबाद रहे। वही मैच में कप्तान स्टीव स्मिथ ने 59 गेंदों पर 10 रन तथा मैथ्यू कुहनेमन ने 6 रन बनाए। दूसरी पारी में रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया।
बता दे कि मैच के आखरी दिन जब कोई नतीजा निकलने की उम्मीद नहीं लग रही थी तब दोनों टीमों ने हाथ मिलाते हुए इस मैच को ड्रॉ कर दिया। वही इस मैच के ड्रॉ होने के बाद भारतीय टीम ने यह सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। बता दे कि रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से लगातार चार टेस्ट सीरीज जीतने वाली एशिया की पहली टीम बन गई है। इसी के साथ भारत ने लगातार छठी बार बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में जीत दर्ज की है।
जानकारी के लिए बता दें कि न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका टेस्ट मुकाबले में श्रीलंका की हार के बाद भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथा मुकाबला ड्रॉ होने के बाद भी भारतीय टीम के पास 17 मैचों में 10 जीत के साथ 123 अंक हैं। जिसके बदौलत भारतीय टीम ने पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर रहते हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई है।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया पहले ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच गया था वहीं अब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 7 से 11 जून को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। बता दें कि यह मुकाबला लंदन स्थित ओवल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। जानकारी के लिए बता दें कि यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का दूसरा सीजन है इससे पहले साल 2021 में भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला गया था। जिसमें भारतीय टीम को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।







