IPL 2024: Mumbai Indians ने रोहित की जगह हार्दिक पांड्या को बनाया अपना कप्तान – IPL 2024 सीजन के लिए 19 दिसंबर को दुबई में नीलामी रखी गई है। वहीं आईपीएल के नीलामी से पहले ही मुंबई इंडियंस ने एक बड़ा फैसला लिया है। दरअसल उसने IPL 2024 सीजन के लिए भारतीय टीम के ऑलराउंडर और पिछले सीजन के गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में मिलाते हुए उन्हें अब अपना कप्तान नियुक्त कर दिया है।
गौरतलब है कि रोहित शर्मा 10 सालों तक मुंबई इंडियंस के कप्तान रहे हैं तथा उन्होंने अपनी कप्तानी में मुंबई को पांच बार आईपीएल (IPL) का खिताब भी दिलाया है। वहीं हार्दिक पांड्या की बात की जाए तो उन्होंने गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए अपनी टीम को दो बार फाइनल में पहुंचाया है। यहां तक की साल 2022 आईपीएल सीजन में उन्होंने अपनी टीम गुजरात टाइटंस को चैंपियन भी बनाया था।
वही अब मुंबई इंडियंस की कमान हार्दिक पांड्या के हाथों सौंपी गई है। जिसके बाद रोहित शर्मा बतौर खिलाड़ी टीम के साथ बने रहेंगे। बता दे कि रोहित शर्मा ने साल 2013 में मुंबई इंडियंस के कप्तानी संभाली थी। जिसके बाद उन्होंने अपनी कप्तानी में साल 2013 में पहला खिताब जीता था। वहीं इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने साल 2015, 2017, 2019 और 2020 में भी अपनी टीम को आईपीएल का चैंपियन बनाया था।
मुंबई से की थी हार्दिक ने आईपीएल (IPL) की शुरुआत
साल 2015 में हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस की ओर से अपना आईपीएल डेब्यु किया था। जिसके बाद वह 2015 से लेकर 2021 तक मुंबई का हिस्सा रहे। परंतु फिर 2022 के मेगा ऑक्शन में उन्हें गुजरात टाइटंस ने खरीद कर अपना कप्तान बना दिया। जिसके बाद हार्दिक पांड्या ने 2 साल तक गुजरात टाइटंस की कप्तानी की।
हार्दिक पांड्या का आईपीएल करियर
मुंबई इंडियंस के नए कप्तान नियुक्त हुए हार्दिक पांड्या का आईपीएल करियर बेहद ही शानदार रहा है। आईपीएल में हार्दिक पांड्या अब तक कुल 123 मुकाबला खेल चुके हैं। जिनकी 115 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 145.86 के स्ट्राइक रेट से 2309 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 10 अर्धशतक भी आए हैं। वहीं गेंदबाजी करते हुए हार्दिक पांड्या ने 81 पारियों में 53 विकेट भी चटकाए हैं।







