IPL Auction 2024: नीलामी में मिचेल स्टार्क रहे सबसे महंगे, कुल 72 खिलाड़ी पर लगी बोली – इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के लिए मंगलवार 19 दिसंबर को दुबई में आईपीएल ऑक्शन (IPL Auction 2024) का आयोजन किया गया। इस बार आईपीएल ऑक्शन के लिए कुल 1166 प्लेयर्स ने अपना नाम रजिस्टर्ड कराया था। हालांकि उनमें से 333 नाम को शॉर्ट लिस्ट किया गया तथा आज आईपीएल नीलामी में 72 खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी ने खरीदा है।
जिसके अंतर्गत ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को सबसे ज्यादा 24.75 करोड़ रुपए में खरीदते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपनी टीम में शामिल कर लिया। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद में भी पेट कमिंस को 20 करोड़ 50 लाख रुपए की बोली लगाते हुए अपनी टीम में जोड़ लिया है। वनडे वर्ल्ड कप 2023 में ऑस्ट्रेलिया की ओर से हीरो रहे ट्रेविस हेड को हैदराबाद ने 6.80 करोड रुपए में खरीदा तो वही अल्जारी जोसेफ को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 11.50 करोड रुपए की धनराशि देते हुए अपनी टीम में शामिल कर लिया।
वहीं न्यूजीलैंड के डेरील मिचेल को लेकर भी फ्रेंचाइजी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। आखिर में चेन्नई सुपर किंग्स ने 14 करोड रुपए में डेरिल मिचेल को खरीद लिया। वहीं भारत की ओर से सबसे बड़ी बोली हर्षल पटेल पर लगी। हर्षल पटेल को पंजाब किंग्स ने 11.75 करोड रुपए में अपनी टीम से जोड़ा। अनकैप्ड खिलाड़ियों की बात की जाए तो समीर रिजवी सबसे महंगे प्लेयर रहे जिन्हें CSK ने 8.40 करोड रुपए की बोली लगाते हुए अपनी टीम के लिए खरीदा।
वहीं कुमार कुशाग्र को भी दिल्ली ने 7.20 करोड रुपए में खरीदते हुए अपनी टीम में शामिल कर लिया। हालांकि अभी आईपीएल 2024 के शेड्यूल को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। परंतु ऐसा माना जा रहा है कि आईपीएल 2024 का सीजन 22 मार्च से शुरू हो सकता है जो कि मई तक चलेगा।







