Gujarat Titans

KKR vs GT: कोलकाता को 7 विकेट से हराकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचा गुजरात टाइटंस – आईपीएल 2023 में 29 अप्रैल को डबल हैडर मुकाबला खेला गया जिसके पहले मुकाबले में गुजरात टाइटंस का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से हुआ जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 179 रन बनाए तो वही गुजरात टाइटंस ने 180 रनों के लक्ष्य को 3 विकेट खोकर ही प्राप्त कर लिया।

कोलकाता नाइटराइडर्स बनाम गुजरात टाइटंस का यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन में खेला गया था। जिसमें गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जो कि बिल्कुल सही साबित हुआ। वही टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से सलामी बल्लेबाज नारायण जगदीशन ओर रहमानूल्लाह गुरबाज के बीच 23 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि फिर नारायण जगदीशन मोहम्मद शमी की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। इस दौरान नारायण जगदीशन ने 15 गेंदों में 4 चौके लगाते हुए 19 रन बनाए।

वही इसके बाद बल्लेबाजी करने आए शार्दुल ठाकुर मोहम्मद शमी की गेंद पर बिना अपना खाता खोले मोहित शर्मा के हाथों कैच आउट हो गए। वही वेंकटेश अय्यर भी मैच में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए और 14 गेंदों पर 11 रन बनाते हुए आउट हो गए। मैच में रहमानूल्लाह गुरबाज एक छोर पर बने हुए थे वही दूसरे छोर पर वेंकटेश के आउट होने के पश्चात कप्तान नीतीश राणा बल्लेबाजी करने के लिए आए। परंतु वह भी 3 गेंद पर 4 रन बनाकर चलते बने। वही इसके बाद मैदान पर रिंकू सिंह बल्लेबाजी करने के लिए आए और उन्होंने 20 गेंदों में 1 छक्का लगाते हुए 19 रन अपनी टीम के लिए बनाए। हालांकि फिर वह भी नूर अहमद का शिकार हो गए। वहीं मैच में आंद्रे रसेल ने शानदार पारी खेलते हुए 19 गेंदों में 34 रन बना डाले। इस दौरान आंद्रे रसेल ने 3 छक्के और 2 चौके भी लगाए।

कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से रहमानुल्लाह टॉप स्कोरर रहे। इस दौरान उन्होंने मैच में 39 गेंदों में 5 चौके और 7 छक्के लगाते हुए 81 रनों की पारी खेली। उनकी बेहतरीन पारी की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 179 रन बनाए। गुजरात की ओर से गेंदबाजी करते हुए मोहम्मद शमी ने 4 ओवर में 33 रन विरोधी टीम को दिए तथा 3 विकेट चटकाए। नूर अहमद और जोशुआ लिटिल ने भी दो-दो सफलता प्राप्त की।

180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को पहला झटका रिद्धिमान साहा के रूप में लगा। रिद्धिमान साहा 10 गेंदों पर 10 रन बनाकर हर्षित राणा को अपना कैच थमा बैठे। हालांकि इसके बाद फिर हार्दिक पांड्या और शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत की नींव रखी। इस दौरान कप्तान हार्दिक पांड्या ने 20 गेंदों पर 26 रन तथा शुभमन गिल ने 35 गेंदों पर 49 रनों की पारी खेली। हालांकि शुभमन गिल 1 रन से अपने अर्धशतक से चूक गए। वही उनके आउट होने के पश्चात विजय शंकर ने 24 गेंदों में ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए नाबाद 51 रन बनाए। इस दौरान विजय शंकर ने 2 चौके और 5 छक्के भी लगाए। वही डेविड मिलर ने भी उनका भरपूर साथ दिया।

मैच में डेविड मिलर ने 18 गेंदों पर 32 रन बनाते हुए अपनी टीम को जीत दिला दी। बता दे कि गुजरात ने 17.5 ओवर में ही 180 रन बनाते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज कर ली। वहीं इस जीत के बाद गुजरात की टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए हर्षित राणा, आंद्रे रसैल और सुनील नारायण को एक-एक सफलता मिली।

शनाया कुमारी को समाचार लेखन, विशेषकर खेलों में 4 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उसका शौक किताबें पढ़ना और गेम खेलना है, आप shanya@oispice.com पर शनाया से संपर्क कर सकते हैं।