Sri Lanka

SL vs IND : श्रीलंका ने 27 साल बाद जीती वनडे सीरीज, तीसरे वनडे में भारत को 110 रनों से हराया – भारतीय टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर है। जहां पर भारतीय टीम ने पहले श्रीलंका के साथ तीन मैचों की T20 सीरीज जीती। वही उसके बाद दोनों देशों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई। जिसका पहला मुकाबला ताई रहा तो वहीं दूसरे मुकाबले में श्रीलंका ने 32 रनों से जीत दर्ज की। वही आज खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में 110 रनों से जीत दर्ज करते हुए श्रीलंका ने इस वनडे सीरीज में जीत दर्ज कर ली है। बता दे कि इस दौरान श्रीलंका की टीम ने 27 साल बाद भारतीय टीम से वनडे सीरीज में जीत हासिल की है।

दरअसल मैच में श्रीलंका के कप्तान असलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इस दौरान प्रथूम निशंका और अविष्का फर्नांडो ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। मैच में निशंका ने 65 गेंद पर पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए 45 रन बनाएं। वही मैच में कुशल मेंडिस ने भी 82 गेंद पर 59 रनों की पारी खेली। वहीं एक छोर पर अविष्का फर्नांडो लगातार बने हुए थे इस दौरान सलामी बल्लेबाज ने 102 गेंद पर 9 चौके और दो छक्के लगाते हुए 96 रन बना डालें। हालांकि वह अपना शतक पूरा नहीं कर पाए और रियान पराग की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। वही मैच में कप्तान अशलंका ने 10 तथा कामिंदु मेंडिस ने 23 रनों की पारी खेली। इस प्रकार श्रीलंका ने टॉप ऑर्डर बल्लेबाज की बेहतरीन पारी की बदौलत 7 विकेट के नुकसान पर 248 रन बनाएं। वहीं भारतीय टीम की ओर से डेब्यू कर रहे रियान पराग ने तीन विकेट लिए। इसके अतिरिक्त मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव के नाम भी एक-एक सफलता रही।

मैच में 249 रनो के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल 14 गेंद पर 6 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा भी 20 गेंद पर 35 रन बनाकर दुनिथ वेलालगे की गेंद पर कैच आउट हो गए। बता दे कि रोहित शर्मा ने अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का भी लगाया। वही मैच में विराट कोहली 20 रन बनाकर दुनिथ वेलालगे का दूसरा शिकार हो गए। इसके अलावा भारतीय टीम का मध्यक्रम पूरी तरह से फेल रहा। मैच में ऋषभ पंत 6 रन, श्रेयस अय्यर 8 रन, अक्षर पटेल 2 रन, रियान पराग 15 रन और शिवम दुबे मात्र 9 रन ही बना पाए।

वहीं मैच में निचले क्रम में बल्लेबाजी करने आए वाशिंगटन सुंदर ने 25 गेंद में 30 रनों की पारी खेली। हालांकि भारतीय टीम 26.1 ओवर में 138 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और श्रीलंका ने यह मुकाबला 110 रनों से जीत लिया। श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी करते हुए दुनिथ वेलालागे ने 5 विकेट लिए। इसके अलावा महीश थीक्षाना और जेफरी वेंडर्स ने दो-दो तथा असिता फर्नांडो ने एक सफलता हासिल की। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद अविश्का फर्नांडो को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया। वहीं प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब दुनिथ वेलालागे के को मिला।

Shambhavi Kumari
शांभवी कुमारी न्यूज़ हिंदी 360 के लिए एक अनुभवी समाचार लेखिका हैं। उन्हें तकनीक, खेल और स्वास्थ्य समाचार में 3 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इसके अलावा, उसे नई चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना पसंद है। शांभवी से ईमेल shambhavi@oispice.com के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है