Telecom-in-India

सरकार ने दिया आदेश, Airtel – Jio को बंद करना होगी USSD बेस्ड कॉल फॉरवर्डिंग – Android और iPhone यूजर्स के लिए अब कॉल फॉरवर्डिंग के तरीके में बदलाव किया जा रहा है। दरअसल टेलीकॉम डिपार्टमेंट ने सभी टेलीकॉम कंपनियों को 15 अप्रैल से USSD कोड्स का इस्तेमाल करते हुए कॉल फॉरवर्डिंग को बंद करने का आदेश दिया है।

आपको बता दे कि USSD कोड्स वह शॉर्ट कोड होते हैं जिन्हें फोन का IMEI नंबर जानने के लिए या बैलेंस जानने के लिए डायल करते हैं। दरअसल टेलीकॉम डिपार्टमेंट DoT का कहना है कि इसके उपयोग से मोबाइल फोन से जुड़े अपराधों और ऑनलाइन स्केम्स किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इसके बाद एक रिपोर्ट में भी यह बताया गया है कि अनस्ट्रक्चर्ड सप्लीमेंट्री सर्विस USSD बेस्ड कॉल फॉरवर्डिंग की सुविधा का कुछ अवांछित गतिविधियों के लिए गलत उपयोग किया जा रहा है। इस सुविधा को *401# सर्विस भी कहते हैं।

इसके बाद यह फैसला लिया गया कि USSD बेस्ड कॉल फॉरवर्डिंग सर्विसेज को 15 अप्रैल से बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद USSD बेस्ड कॉल फॉरवर्डिंग सर्विस को एक्टिवेट करने वाले सभी सब्सक्राइबर से वैकल्पिक तरीको के माध्यम से कॉल फॉरवर्डिंग सर्विस को वापस से एक्टिवेट करने के लिए कहा जाएगा। जिससे ऐसी सर्विसेज को उनकी जानकारी के बिना एक्टिवेट नहीं किया जा सकेगा। कॉल फॉरवर्डिंग के तरीकों को उपलब्ध कराने के लिए रिलायंस जियो और एयरटेल जैसे टेलीकॉम कंपनी जिम्मेदार होंगे। दरअसल टेलीकॉम डिपार्टमेंट द्वारा ऐसा करने का उद्देश्य सुरक्षा को बढ़ाना तथा अनाधिकृत कॉल फॉरवर्डिंग को रोकना है। जिससे कि एक बार के पासवर्ड OTP जैसी गोपनीय जानकारी चुराने के मामले कम होंगे।

वहीं दूसरी ओर इस वर्ष जुलाई महीने से MNP मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी के नियम को भी बदला जाएगा। नए नियमों के तहत यदि कोई सिम कार्ड को स्वाप या बदलता है तो उससे जुड़े मोबाइल नंबर को 7 दिनों तक एक अलग टेलीकॉम कंपनी को पोर्ट नहीं कर पाएंगे। नए रूल्स से फर्जी सिम को लेकर होने वाले फ्रॉड को कम किया जाएगा। यह नया नियम 1 जुलाई से लागू होगा। इस नियम के अंतर्गत मोबाइल सब्सक्राइबर्स को पिछले 7 दिनों में अपना सिम कार्ड बदलने या स्वाप करने पर एक अलग टेलीकॉम ऑपरेटर के पास मोबाइल नंबर को पोर्ट करने की परमिशन नहीं होगी। TRAI यानी टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने एक सर्कुलर में यह कहा कि इन रूल्स का मुख्य उद्देश्य सिम को जाली तरीके से बदलने या स्वाप करने के तरीके से मोबाइल नंबर्स को पोर्ट करने को रोकने के विषय में है। एक टेलीकॉम ऑपरेटर से अन्य को मोबाइल नंबर ट्रांसफर करने के लिए TRAI ने यूनिक पोर्टिंग कोड UPC के एलोकेशन के निवेदन को भी अस्वीकार करने के लिए एक अतिरिक्त कोड भी जोड़ दिया है।

Shambhavi Kumari
शांभवी कुमारी न्यूज़ हिंदी 360 के लिए एक अनुभवी समाचार लेखिका हैं। उन्हें तकनीक, खेल और स्वास्थ्य समाचार में 3 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इसके अलावा, उसे नई चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना पसंद है। शांभवी से ईमेल shambhavi@oispice.com के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है