IND vs ENG: पहले टेस्ट में 28 रनों से जीता इंग्लैंड, हार्टले ने लिए 7 विकेट – भारत बनाम इंग्लैंड पहले टेस्ट मुकाबले में इंग्लैंड ने 28 रनों से जीत दर्ज कर ली है। मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड टीम ने 246 रन बनाए थे। वहीं इसके बाद भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 436 रन बनाते हुए 175 रनों की बढ़त बना ली थी। वहीं इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में 420 रन बनाए। इसके बाद भारतीय टीम को जीत के लिए 230 रनों का लक्ष्य मिला। हालांकि फिर भारतीय टीम अपने दूसरी पारी में 202 रन पर ही ऑल आउट हो गई और इंग्लैंड ने यह टेस्ट मुकाबले 28 रनों से अपने नाम कर लिया।
दरअसल तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने भारत पर 126 रनों की बढ़त बना ली थी। इस दौरान ऑली पोप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 148 रन बनाए थे। वही मैच के चौथे दिन ऑली पोप 278 गेंद में 196 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि वह अपने दोहरे शतक से चूक गए। वही मैच में रेहान अहमद 53 गेंद पर 28 रन बनाकर चलते बने। इसके अलावा टॉम विलियम हार्टले ने बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंद में 34 रनों का योगदान दिया। इस प्रकार इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में 102.1 ओवर में 420 रन बनाए।
इंग्लैंड द्वारा पहली पारी में 246 तथा दूसरी पारी में 420 बनाने के पश्चात भारतीय टीम को दूसरी पारी के लिए 230 रनों का लक्ष्य मिला। इस दौरान सलामी बल्लेबाज के रूप में रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की। हालांकि फिर जायसवाल 15 रन तथा रोहित शर्मा 39 रन पर आउट हो गए तो वही मैच में शुभमन गिल दो गेंद पर बिना अपना खाता खोले टॉम विलियम हार्टले का शिकार हो गए।
वहीं मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज लोकेश राहुल ने 48 गेंद पर 22 तथा अक्षर पटेल ने 42 गेंद पर 17 रनों की पारी खेली। इसके अतिरिक्त मैच में केएस भरत और रविचंद्रन अश्विन ने 28-28 रनों की पारी खेली। बता दे कि दोनों का ही विकेट टॉम विलियम हार्टले को मिला। मैच में रविंद्र जडेजा 2 रन बनाकर ही रन आउट हो गए। 69.2 ओवर में भारतीय टीम 202 रनों पर ही ऑल आउट हो गई और इंग्लैंड ने यह मुकाबला 28 रनों से अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में जीत के साथ इंग्लैंड ने 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से बड़त बना ली है। इंग्लैंड की ओर से दूसरी पारी में गेंदबाजी करते हुए टॉम विलियम हार्टले ने 7 विकेट चटकाए वही जो रूट और जैक लीच के नाम भी एक-एक सफलता रही। पहले टेस्ट मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करने के पश्चात ऑली पोप को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला।
