U19W World Cup 2023: इंग्लैंड को 7 विकेट से हराते हुए भारत ने जीता पहला महिला अंडर 19 विश्व कप – साउथ अफ्रीका के पोचेफस्ट्रूम में खेले गए भारत बनाम इंग्लैंड फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराते हुए अंडर19 वर्ल्ड कप का पहला खिताब अपने नाम कर लिया है। बता दें कि पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम ने 68 रन बनाए थे। उसके बाद भारतीय टीम ने इस लक्ष्य को हासिल करते हुए नया इतिहास रच दिया।
टीम इंडिया ने जीता महिला अंडर 19 विश्व कप 2023
गौरतलब है कि भारतीय टीम ने आईसीसी द्वारा आयोजित पहले महिला T20 अंडर 19 विश्व कप में जीत हासिल कर ली है। बता दे कि इस टूर्नामेंट का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में किया गया। वहीं भारत ने सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था, जहां पर भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ मात्र 69 रनों का लक्ष्य मिला था। जिसे टीम इंडिया ने 14 ओवर में 3 विकेट खोकर आसानी से जीत लिया।
यह रहा मैच का हाल
भारत बनाम इंग्लैंड फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर भारतीय कप्तान शेफाली वर्मा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो कि सही साबित हुआ। वही टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम शुरुआत से ही संघर्ष करती हुई दिखाई दी। पारी के पहले ओवर की चौथी गेंद पर ही तितास साधु ने लिबर्टी हेप को खाता खोले बिना ही पवेलियन भेज दिया। इंग्लैंड टीम 16 रन पर अपने 3 विकेट खो चुकी थी, जिसके बाद टीम पर दबाव बेहद ज्यादा बढ़ गया था। वहीं इसका भारतीय गेंदबाजों ने जमकर फायदा उठाया और नियमित अंतराल में इंग्लैंड के विकेट लेते गए, जिसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड की टीम को 68 रनों पर समेट दिया।
इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा 19 रन मेकडोनाल्ड बनाए, तो वही सोफिया और स्टोनहाउस ने 11-11 रन बनाए। इसके अलावा हॉलैंड ने 10 रनों की पारी खेली। इन बल्लेबाजों के अलावा कोई और बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाया। भारतीय टीम की ओर से अर्चना देवी, पार्श्वी चोपड़ा और तितास साधु ने दो-दो विकेट चटकाए, इसके अलावा सोनम यादव, मन्नत कश्यप और शेफाली वर्मा ने एक-एक विकेट लिया।
भारत ने रचा इतिहास
69 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत थोड़ी खराब रही। पारी के तीसरे ओवर में कप्तान शेफाली वर्मा 15 रन बनाकर ही आउट हो गई, जिसके बाद श्वेता सेहरावत भी 5 रन बनाकर चलती बनी। भारतीय टीम ने 20 रनों के स्कोर पर अपने दो अहम विकेट खो दिए थे। वही दो विकेट खोने के बाद भारतीय टीम पर दबाव बढ़ गया था। हालांकि फिर गोंगडी तृषा और सौम्या तिवारी ने बेहतरीन साझेदारी करते हुए तीसरे विकेट के लिए 46 रन की पार्टनरशिप की। इस दौरान गोंगडी तृषा ने 29 गेंदों में 24 रन बनाए तो वही सौम्या तिवारी ने 37 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाते हुए भारतीय टीम को जीत दिला दी। इंग्लैंड की ओर से एलेक्सा स्टोनहाउस, ग्रेस स्क्रीवेंस और हेना बेकर ने एक-एक विकेट लिया।
