Ind W vs Pak W: भारत ने 7 विकेट से जीता मैच, जेमिमा बनी प्लेयर ऑफ द मैच – भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप का आगाज जीत के साथ किया है। बता दें कि भारतीय टीम ने अपने पहले ही मुकाबले में पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया है। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने भारत को 150 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे भारत ने 19 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की ओर से सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली 14 गेंदों पर एक चौका लगाते हुए 12 रन बनाकर राधा यादव की गेंद पर आउट हो गई। वहीं जावेरिया खान ने भी 6 गेंदों पर मात्र 1 चौका लगाते हुए 8 रन बनाए और वह दीप्ति शर्मा की गेंद पर हरमनप्रीत कौर को अपना कैच थमा बैठी। जिसके बाद पाकिस्तान की टीम दबाव में आ गई थी। हालांकि कप्तान बिस्माह मारूफ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों में नाबाद 68 रन बनाए। इस दौरान बिस्माह मारूफ ने सात चौके भी लगाए।
पाकिस्तान की ओर से नंबर चार पर बल्लेबाजी करने आई निदा डार 2 गेंदों पर बिना अपना खाता खोले पूजा वस्त्राकर की गेंद पर कैच आउट हो गई। इसके अलावा सिदरा अमिन ने भी 18 गेंदों पर मात्र 11 रन ही बनाए और राधा यादव का शिकार हो गई। वहीं मैच में आयशा नशीम ने 25 गेंदों में नाबाद 43 रनों की पारी खेली। इस दौरान नशीम ने दो चौके और दो छक्के भी लगाए और अंत तक क्रीज़ पर बनी रही। भारतीय टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए राधा यादव ने चार ओवर में 21 रन देते हुए दो बड़े विकेट अपनी टीम को दिलाए। वही पूजा वस्त्राकर और दीप्ति शर्मा के नाम भी एक-एक सफलता रही। इस दौरान दीप्ति शर्मा ने चार ओवर में 39 रन तथा पूजा वस्त्राकर ने चार ओवर में 30 रन विरोधी टीम को दिए हालांकि मैच में रेणुका सिंह, शेफाली वर्मा और गायकवाड को कोई सफलता नहीं मिल पाई।
जेमिमा ने लगाया अर्धशतक
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए थे। वही लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज यास्तिका भाटिया और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 38 रन बनाएं। इस दौरान यास्तिका भाटिया ने 20 गेंदों पर दो चौके लगाते हुए 17 रन बनाए। जिसके बाद वह सादिया इकबाल की गेंद पर फातिमा सना के हाथों कैच आउट हो गई। वहीं शेफाली वर्मा ने 25 गेंदों पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 चौके लगाए। जिसके बाद शेफाली वर्मा भी 33 रन बनाकर नशरा की गेंद पर सिदरा अमिन के हाथों कैच आउट हो गई।
जिसके बाद जेमिमा ने मैच की जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हुए बेहतरीन खेल दिखाया। जेमिमा ने 38 गेंदों पर नाबाद 53 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके भी निकले। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2 चौके लगाते हुए 16 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कोर का विकेट नशरा को मिला। वही मैच में रिचा घोष ने भी नाबाद 31 रनों की पारी खेली। अपनी पारी में रिचा ने 20 गेंदों में 5 चौके भी लगाए। वही पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी करते हुए नशरा को 2 विकेट मिले।इसके अतिरिक्त सादिया इकबाल ने 4 ओवर में 25 रन देकर 1 विकेट लिया।
मैच में शानदार प्रदर्शन करने के बाद जेमिमा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। बता दे कि भारतीय टीम ने T20 वर्ल्ड कप का आगाज जीत के साथ किया है। वही अब भारतीय टीम इस जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। बता दे कि बेहतर रन रेट और एक जीत के साथ इंग्लैंड की टीम टॉप पर बनी हुई है। वही इस लिस्ट में पाकिस्तान चौथे नंबर पर मौजूद है। बता दें कि 15 फरवरी को पाकिस्तान को आयरलैंड के साथ के खिलाफ मैच खेलना है तो वहीं भारतीय टीम का भी अगला मुकाबला 15 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ आयोजित होगा।
